Uncategorized देश राजनीति राज्य हिमाचल

हेडलाइन:NEET पेपर लीक के खिलाफ शिमला में सर्वदलीय हुंकार, मुख्यमंत्री सुक्खू ने निकाला कैंडल मार्च, राहुल गांधी को बताया न्याय की आवाज, युवाओं के हक की लड़ाई में हिमाचल के समर्थन का ऐलान

शिमला, 25 जुलाई।
नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर राजधानी शिमला में शनिवार को सर्वदलीय कैंडल मार्च आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में निकला यह मार्च इंदिरा गांधी राज्य खेल परिसर से शुरू होकर स्कैंडल प्वाइंट होते हुए रिज स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा तक पहुंचा। इस दौरान बड़ी संख्या में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने सभी उपस्थित लोगों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना की शपथ भी दिलाई।
पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर न्याय की मांग कर रहे छात्रों के समर्थन में यह कैंडल मार्च निकाला गया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता युवाओं के अधिकारों और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था की इस लड़ाई में उनके साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि सभी प्रतियोगी परीक्षाओं में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए ताकि मेहनत करने वाले युवाओं के साथ किसी प्रकार का अन्याय न हो। उन्होंने नीट पेपर लीक विवाद से जुड़े मामलों में आत्महत्या करने वाले युवाओं के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने की मांग भी उठाई।
भाजपा पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में लगातार पेपर लीक के मामले सामने आए हैं। उन्होंने हिमाचल में पूर्व भाजपा सरकार के दौरान पुलिस भर्ती और हिमाचल प्रदेश अधीनस्थ सेवाएं चयन आयोग से जुड़ी परीक्षाओं के पेपर लीक का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही आयोग को भंग कर राज्य चयन आयोग का गठन किया और दोषियों को जेल भेजा।
मुख्यमंत्री ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को युवाओं के न्याय की लड़ाई की मजबूत आवाज बताते हुए कहा कि उनके समर्थन से देशभर के छात्रों का मनोबल बढ़ा है। उन्होंने सीपीआई(एम) और आम जनता का इस सर्वदलीय आयोजन को सफल बनाने के लिए आभार भी व्यक्त किया।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, विधायक कुलदीप राठौर और संजय रतन, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, महासचिव विनोद जिंटा, पूर्व विधायक राकेश सिंघा, शिमला नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान सहित कांग्रेस, सीपीआई(एम) और अन्य दलों के अनेक नेता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *