16 ब्लॉकों के खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा, नसीम बेगम ने खिलाड़ियों को खेल भावना और नशे से दूर रहने का दिया संदेश
पांवटा साहिब, 25 सितंबर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शिवपुरी, पांवटा साहिब में अंडर-14 जिला स्तरीय छात्र वर्ग टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में जिला सिरमौर के विभिन्न क्षेत्रों से आए 16 ब्लॉकों की टीमों ने भाग लिया। उद्घाटन समारोह में हिमाचल प्रदेश फूड एंड सप्लाई कॉरपोरेशन लिमिटेड की निदेशक नसीम बेगम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेंद्र सिंह गौर, समस्त स्टाफ तथा विभिन्न स्कूलों से आए कंटिंजेंट इंचार्ज ने मुख्य अतिथि का गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यक्रम की शुरुआत खिलाड़ियों द्वारा भव्य मार्चपास्ट से हुई। जिला सिरमौर के विभिन्न ब्लॉकों से आए खिलाड़ियों ने अनुशासन और जोश के साथ मार्चपास्ट में हिस्सा लेकर खेल भावना का परिचय दिया।
मुख्य अतिथि नसीम बेगम ने अपने संबोधन में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खिलाड़ियों के हित के पैसे दुगने करने पर उन्होंने सरकार का भी धन्यवाद किया। उन्होंने खिलाड़ियों से प्रतियोगिता में पूरी मेहनत, अनुशासन और खेल भावना के साथ भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जीत और हार खेल का हिस्सा है, लेकिन खेल के माध्यम से अनुशासन, नेतृत्व, सहयोग और आत्मविश्वास जैसे गुण विकसित होते हैं।
नसीम बेगम ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए कहा कि युवा पीढ़ी देश और समाज का भविष्य है तथा उन्हें अपनी ऊर्जा सकारात्मक गतिविधियों और खेलों में लगानी चाहिए। उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्य अतिथि ने राजगढ़ ब्लॉक के खिलाड़ियों द्वारा प्रस्तुत मार्चपास्ट की विशेष रूप से सराहना की और सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने आयोजन के लिए विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, शारीरिक शिक्षा प्रशिक्षकों तथा कंटिंजेंट इंचार्ज को भी शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता में जिला सिरमौर के 16 ब्लॉकों से आए खिलाड़ी विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन स्थल पर खिलाड़ियों और टीम प्रभारियों में खासा उत्साह देखने को मिला। विद्यालय प्रबंधन ने प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं।
कार्यक्रम के अंत में आयोजन समिति ने सभी प्रतिभागी टीमों का स्वागत करते हुए प्रतियोगिता के सफल एवं अनुशासित आयोजन की कामना की।

