चंडीगढ़-मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में जल्द नई औद्योगिक नीति लागू की जाएगी, जिसके तहत उद्योगों को सस्ती बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार निवेशकों को हरसंभव सुविधाएं देकर हिमाचल को निवेश का पसंदीदा केंद्र बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
टीआईई चंडीगढ़ के 23वें वार्षिक सम्मेलन एवं चंडीगढ़ लीडरशिप कॉन्क्लेव को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने आईटी, पर्यटन, स्वास्थ्य और ग्रीन एनर्जी क्षेत्रों में निवेश का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए नई औद्योगिक नीति लाई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल देश का पावर सरप्लस राज्य है और पंजाब के साथ तीन वर्षों के लिए बिजली आपूर्ति का पावर परचेज एग्रीमेंट (PPA) किया जाएगा। उन्होंने पंजाब को हिमाचल का “बड़ा भाई” बताते हुए कहा कि यह समझौता दोनों राज्यों के रिश्तों को और मजबूत करेगा।
उन्होंने कहा कि सोलन के कंडाघाट में आईटी पार्क विकसित किया जा रहा है और डेटा स्टोरेज इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी काम चल रहा है। साथ ही, ग्रीन हाइड्रोजन, बायोचार प्लांट और किन्नौर की जियोथर्मल ऊर्जा परियोजना जैसे स्वच्छ ऊर्जा प्रोजेक्ट हिमाचल को नई पहचान दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि चंडीगढ़-बद्दी रेल लाइन का निर्माण अगले तीन वर्षों में पूरा होने की संभावना है, जबकि कांगड़ा एयरपोर्ट का विस्तार और प्रदेशभर में हेलीपोर्ट निर्माण से पर्यटन और उद्योगों को नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के बावजूद हिमाचल पर्यटकों के लिए सुरक्षित है। पर्यटकों से केवल मौसम संबंधी सावधानी बरतने और नदियों-नालों से दूरी बनाए रखने की अपील की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य, शिक्षा, ग्रामीण अर्थव्यवस्था, पर्यटन और आईटी क्षेत्र को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है तथा जल्द ही स्वास्थ्य पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भी प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
नई औद्योगिक नीति जल्द होगी लागू, उद्योगों को मिलेगी सस्ती बिजली; हिमाचल में निवेश के लिए सीएम सुक्खू का बड़ा आह्वान।

