शिमला- हिमाचल प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। उपमुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश में जल्द ही 297 नई इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। इसके लिए सभी आवश्यक औपचारिकताएं अंतिम चरण में हैं। साथ ही, चार नए ई-डिपो भी शीघ्र शुरू किए जाएंगे।
शिमला में हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के निदेशक मंडल की 163वीं बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपमुख्यमंत्री ने इलेक्ट्रिक बसों के ट्रायल और संचालन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बसों के संचालन में टायर, स्पेयर पार्ट्स या अन्य आवश्यक सामग्री की कमी किसी भी स्थिति में बाधा नहीं बननी चाहिए। आवश्यक सामान की समय पर उपलब्धता के साथ वैकल्पिक व्यवस्था भी पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार हरित परिवहन को बढ़ावा देने और यात्रियों को सुरक्षित, आधुनिक व बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। नई इलेक्ट्रिक बसों और ई-डिपो के शुरू होने से एचआरटीसी की सेवाएं और अधिक मजबूत होंगी तथा यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव मिलेगा।
बैठक में एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा, निदेशक मंडल के सदस्य धर्मेंद्र धामी, प्रदीप सूर्या, मोहिंदर संधू, निशांत ठाकुर, अतिरिक्त सचिव परिवहन ओंकार चंद शर्मा, प्रबंध निदेशक डॉ. निपुण जिंदल सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
हिमाचल में जल्द दौड़ेंगी हिमाचल पथ परिवहन की 297 नई इलेक्ट्रिक बसें, चार नए ई-डिपो भी होंगे शुरू

