राज्य शिक्षा साइंस/टेक्नोलॉजी हिमाचल

विदेशों में रोजगार के लिए विदेशी भाषा पाठ्यक्रम शुरू करेगी हिमाचल सरकार, मुख्यमंत्री ने दिए निर्देश

शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने राज्य के युवाओं को विदेशों में बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विदेशी भाषा के पाठ्यक्रम शुरू करने की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड की उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम (एचपीएसईडीसी) के माध्यम से कुशल युवाओं को विदेशों में रोजगार दिलाने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विदेशों में रोजगार के इच्छुक युवाओं को आवश्यक भाषा कौशल उपलब्ध कराने के लिए नए विदेशी भाषा पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। साथ ही, विदेशों में कार्यरत हिमाचली युवाओं की सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करने के लिए एक डिजिटल प्लेटफॉर्म भी विकसित किया जा रहा है, जिससे जरूरत पड़ने पर उन्हें तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विदेशों में रोजगार के नए अवसरों की भी तलाश कर रही है ताकि युवाओं को बेहतर वेतन पैकेज मिल सके और उनका किसी भी प्रकार का शोषण न हो। मुख्यमंत्री ने बताया कि एचपीएसईडीसी को भर्ती एजेंसी का लाइसेंस भी प्राप्त हो चुका है, जिससे विदेशों में रोजगार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया और सुदृढ़ होगी।
बैठक में मुख्यमंत्री ने श्रम एवं रोजगार विभाग को निर्देश दिए कि विभाग की सभी प्रमुख योजनाओं का विवरण प्रभावी निगरानी के लिए मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर अपलोड किया जाए। इसके अलावा जनजातीय विकास विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने वनाधिकार अधिनियम (एफआरए) से जुड़े सभी मामलों की स्थिति भी मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, अतिरिक्त मुख्य सचिव ओंकार चंद शर्मा, सचिव प्रियंका बसु इंग्टी, राकेश कंवर, आशीष सिंहमार, श्रम एवं रोजगार आयुक्त वीरेंद्र शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *