हमीरपुर। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने किशाऊ बहुउद्देशीय परियोजना समझौते को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने हिमाचल प्रदेश के हितों की मजबूती से पैरवी की है। उन्होंने कहा कि समझौते से प्रदेश को बिना अतिरिक्त निवेश के करीब 1,500 करोड़ रुपये का लाभ मिलेगा और इसका श्रेय प्रदेश की जनता तथा कांग्रेस सरकार को जाता है।
नादौन विधानसभा क्षेत्र के रैल में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने भाजपा नेताओं अनुराग सिंह ठाकुर और जयराम ठाकुर पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को उत्तराखंड से पूछना चाहिए कि उनकी चिंता क्या है। मुख्यमंत्री के अनुसार किशाऊ परियोजना की लागत पिछले वर्षों में करीब 800 करोड़ रुपये से बढ़कर अब 3,000 से 5,000 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।
सीएम सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस सरकार बनने के बाद किशाऊ परियोजना को लेकर तीन महत्वपूर्ण बैठकें हुईं और सरकार ने यह सुनिश्चित किया कि हिमाचल के अधिकार सुरक्षित रहें। उन्होंने बीबीएमबी के एरियर की राशि भी जल्द प्रदेश को मिलने की उम्मीद जताई।
मुख्यमंत्री ने पूर्व भाजपा सरकार पर प्रदेश की संपदा को नुकसान पहुंचाने के आरोप लगाए और वाइल्ड फ्लावर हॉल तथा जेएसडब्ल्यू की छह प्रतिशत अतिरिक्त रॉयल्टी से जुड़े मामलों का उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि इन मामलों में राज्य सरकार की पैरवी से प्रदेश को अतिरिक्त राजस्व प्राप्त हो रहा है।
स्वास्थ्य क्षेत्र का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने डॉक्टरों, तकनीकी एवं पैरामेडिकल स्टाफ के पद भरे हैं और स्वास्थ्य संस्थानों में डायग्नॉस्टिक सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने हिमकेयर योजना में कथित अनियमितताओं को लेकर भी पिछली सरकार पर सवाल उठाए।
शिक्षा के क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के मामले में हिमाचल की स्थिति में सुधार हुआ है। उन्होंने प्रदेश में सीबीएसई स्कूलों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
मुख्यमंत्री ने नादौन के करनडोला में इसी वर्ष देश का पहला एलाइड हेल्थकेयर कॉलेज शुरू करने की घोषणा की। इसके अलावा पॉलिटेक्निक कॉलेज और आईटीआई में न्यू एज कोर्स शुरू करने की बात कही, ताकि युवाओं को आधुनिक शिक्षा के साथ रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने रैल में दो करोड़ रुपये की लागत से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का उद्घाटन किया। साथ ही राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रैल के 2.10 करोड़ रुपये के भवन तथा राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान नादौन के 9.43 करोड़ रुपये के अतिरिक्त भवन खंड का शिलान्यास किया। इससे पहले उन्होंने जन स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ और पौधरोपण भी किया।
किशाऊ परियोजना समझौते पर सीएम सुक्खू का भाजपा पर हमला, बोले- हिमाचल के हितों की लड़ाई हमने लड़ी, श्रेय भी हमारा

