राज्य हिमाचल

हिमाचल की जैव विविधता को मिलेगा नया आयाम, देहरा में विकसित होगा थीमैटिक- गार्डन परियोजना।

शिमला/देहरा। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कांगड़ा जिले के देहरा स्थित दुर्गेश अरण्य अंतरराष्ट्रीय प्राणी उद्यान में विकसित की जाने वाली महत्वाकांक्षी थीमैटिक गार्डन परियोजना का शुभारंभ किया। इस परियोजना के कार्यान्वयन के लिए उन्होंने हिमाचल प्रदेश राज्य जैव विविधता बोर्ड के माध्यम से मुख्य वन्यजीव संरक्षक को 4 करोड़ रुपये की राशि जारी की।
करीब 22,247 वर्गमीटर क्षेत्र में विकसित होने वाला यह थीमैटिक गार्डन प्रदेश की समृद्ध जैव विविधता, पर्यावरण शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान और ईको-टूरिज्म को बढ़ावा देगा। परियोजना के तहत फिकेरियम (फाइकस प्रजातियां), आर्बोरेटम (देशी-विदेशी वृक्ष संग्रह), बैंबूसेटम (बांस प्रजातियां) तथा प्राकृतिक दृश्यों के अवलोकन के लिए वॉच टावर का निर्माण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं, पर्यटकों और प्रकृति प्रेमियों के लिए हिमाचल की जैव विविधता को समझने का उत्कृष्ट केंद्र बनेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि परियोजना पूरी होने के बाद यह देश में जैव विविधता संरक्षण और ईको-टूरिज्म का आदर्श केंद्र बनकर उभरेगी।
परियोजना का कार्यान्वयन मुख्य वन्यजीव संरक्षक, हिमाचल प्रदेश द्वारा किया जाएगा, जबकि हिमाचल प्रदेश राज्य जैव विविधता बोर्ड तकनीकी सहयोग और मार्गदर्शन प्रदान करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *