शिलाई/सिरमौर। सिरमौर के शिलाई क्षेत्र की होनहार बेटी और युवा फिल्मकार अनुशी शर्मा ने अपनी फिल्म ‘खूंटा’ के जरिए हिमाचल प्रदेश और विशेषकर गिरिपार क्षेत्र का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। विभिन्न प्रतिष्ठित मंचों पर सराहना और पुरस्कार हासिल करने के बाद अब ‘खूंटा’ 18 सितंबर को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।
फिल्म को कान्स फिल्म मार्केट, फ्रांस में सराहना मिल चुकी है। इसके अलावा लंदन इंडिपेंडेंट फिल्म अवार्ड्स में ‘खूंटा’ को सर्वश्रेष्ठ विदेशी फीचर फिल्म का सम्मान मिला, जबकि इंडियन मूवी अवार्ड्स, कोलकाता में फिल्म ने बेस्ट इंडियन फीचर फिल्म का पुरस्कार अपने नाम किया है।
‘खूंटा’ में सिरमौर के गिरिपार और उत्तराखंड के जौनसार-बावर की देव आस्था, समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और पहाड़ी समाज के सामाजिक ताने-बाने को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया है। फिल्म के माध्यम से पहाड़ की मिट्टी, लोक जीवन और सांस्कृतिक विरासत को बड़े पर्दे तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
अनुशी शर्मा की इस उपलब्धि से शिलाई, गिरिपार और पूरे सिरमौर क्षेत्र में खुशी की लहर है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अपनी जड़ों और संस्कृति से जुड़ी कहानी को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाना क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।
18 सितंबर को ‘खूंटा’ के सिनेमाघरों में पहुंचने के साथ ही दर्शकों को पहाड़ की संस्कृति, आस्था और जीवनशैली को बड़े पर्दे पर देखने का अवसर मिलेगा। अनुशी की यह उपलब्धि युवा पीढ़ी के लिए भी प्रेरणा बन रही है कि अपनी मिट्टी और संस्कृति से जुड़ी कहानियों को दुनिया के सामने मजबूती से रखा जा सकता है।
शिलाई की बेटी युवा फिल्मकार अनुशी शर्मा की ‘खूंटा’ बड़े पर्दे पर, 18 सितंबर को होगी देशभर में रिलीज

