शिमला, 18 जुलाई 2026
हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने शनिवार को शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत चायली और नगर निगम के मज्याट क्षेत्र में लगभग 16.77 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि शिमला नगर निगम के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के प्रत्येक गांव तक सड़क सुविधा पहुंचाना प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
ग्राम पंचायत चायली के टुटू में मंत्री ने 90 लाख रुपये की लागत से बनने वाली गड़ावग संपर्क सड़क का शिलान्यास किया। उन्होंने बताया कि यह सड़क लंबे समय से क्षेत्र की प्रमुख मांग थी और इसका निर्माण अगले छह से सात माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही, चायली खुर्द सड़क को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY-4) के अंतर्गत लाने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। भविष्य में इस सड़क को कलावट गांव के माध्यम से धार कुफर मार्ग से जोड़ने का भी प्रयास किया जाएगा।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि चायली पंचायत में खेल मैदान निर्माण की संभावनाओं का अध्ययन किया जाएगा तथा गड़ावग तक संचालित एचआरटीसी टैक्सी सेवा का समय बढ़ाने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने पंचायत क्षेत्र में जिम निर्माण के लिए 2 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।
इसके बाद मंत्री ने टुटू रेलवे स्टेशन के समीप लगभग 15 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले आधुनिक वाहन पुल का शिलान्यास किया। उन्होंने बताया कि परियोजना के प्रथम चरण के लिए 2 करोड़ रुपये स्वीकृत किए जा चुके हैं तथा एक वर्ष के भीतर पुल निर्माण पूरा करने का लक्ष्य है। पुल बनने से टुटू रेलवे स्टेशन और मज्याट वार्ड के बीच संपर्क बेहतर होगा तथा स्थानीय लोगों को सुगम यातायात सुविधा मिलेगी।
मंत्री ने 70 लाख रुपये की लागत से निर्मित मज्याट एम्बुलेंस सड़क तथा 17 लाख रुपये की लागत से बने सामुदायिक भवन का भी उद्घाटन किया। उन्होंने बताया कि भरयाल में 17.5 करोड़ रुपये की लागत से सीवरेज प्लांट का निर्माण कार्य जारी है, जिससे टुटू और आसपास के क्षेत्रों को आधुनिक सीवरेज सुविधा मिलेगी। साथ ही मज्याट क्षेत्र से एचआरटीसी टैक्सी सेवा शुरू करने, रेलवे स्टेशन के समीप सामुदायिक भवन और हाइड्रोलिक वाहन पार्किंग विकसित करने का भी आश्वासन दिया।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि टुटू एवं मज्याट क्षेत्र के विकास के लिए 5.5 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 3.25 करोड़ रुपये व्यय किए जा चुके हैं और शेष राशि से विकास कार्य तेजी से जारी हैं।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत चायली के प्रधान जितेंद्र ठाकुर एवं नगर निगम पार्षद अनीता शर्मा ने क्षेत्र की विभिन्न विकासात्मक मांगें मंत्री के समक्ष रखीं। मंत्री ने सभी मांगों को चरणबद्ध तरीके से पूरा करने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के दौरान नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के पूजा कला मंच के कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक सोहन लाल, महापौर सुरेंद्र चौहान, उपमहापौर उमा कौशल, नगर निगम आयुक्त सचिन कंवल, जिला परिषद सदस्य प्रियंका तनवर, विभिन्न जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

