शिमला/हमीरपुर। हमीरपुर जिले की भोरंज तहसील के होनहार खिलाड़ी समर्थ अत्री का चयन 17 से 20 अगस्त, 2026 तक देहरादून में आयोजित होने वाली एशियन शॉर्ट ट्रैक आइस स्केटिंग ट्रॉफी-2026 के लिए हुआ है। प्रतियोगिता से पहले समर्थ ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू से शिष्टाचार भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री ने समर्थ अत्री को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं और आधुनिक खेल अधोसंरचना उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने कहा कि समर्थ ने अपनी प्रतिभा और कड़ी मेहनत के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचकर हिमाचल प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि समर्थ एशियन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर भारत और हिमाचल का नाम रोशन करेंगे।
समर्थ अत्री वर्तमान में शिमला के प्रतिष्ठित ऑकलैंड हाउस स्कूल में दसवीं कक्षा के छात्र हैं। वे पिछले छह-सात वर्षों से शिमला स्थित आइस स्केटिंग रिंक में नियमित अभ्यास कर रहे हैं। हाल ही में उनका चयन 21वीं राष्ट्रीय शॉर्ट ट्रैक आइस स्केटिंग चैंपियनशिप के लिए हुआ था। प्रतियोगिता के बाद आयोजित राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर अब उन्हें एशियन शॉर्ट ट्रैक आइस स्केटिंग ट्रॉफी-2026 के लिए भारतीय टीम में जगह मिली है। यह उपलब्धि हमीरपुर और पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व का विषय मानी जा रही है।
हमीरपुर के समर्थ अत्री एशियन शॉर्ट ट्रैक आइस स्केटिंग ट्रॉफी-2026 में करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व।

