शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश के इंजीनियरिंग कॉलेजों के 44 मेधावी बी.टेक. विद्यार्थियों को जापान के अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक भ्रमण-2026 के लिए वर्चुअल माध्यम से रवाना किया। यह एक्सपोजर टूर 6 से 12 सितंबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। इसमें 24 छात्र और 20 छात्राएं शामिल हैं।
विद्यार्थी जापान के प्रमुख शैक्षणिक, अनुसंधान एवं औद्योगिक संस्थानों का भ्रमण करेंगे। इनमें टोक्यो मेट्रोपॉलिटन यूनिवर्सिटी, JAXA त्सुकुबा स्पेस सेंटर, साइबरडाइन रोबोटिक्स स्टूडियो, JAL एयरोस्पेस फैक्ट्री और क्योसेरा फैक्ट्री सहित ओसाका के विभिन्न उद्योग शामिल हैं।
इस दौरान विद्यार्थियों को अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी, रोबोटिक्स, एयरोस्पेस, उन्नत विनिर्माण, नवाचार और आधुनिक परिवहन प्रणालियों की जानकारी मिलेगी। साथ ही जापान की कार्य संस्कृति, अनुशासन और सामाजिक मूल्यों को समझने का अवसर भी मिलेगा।
चिकित्सा विद्यार्थियों को भी विदेश भेजने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार विद्यार्थियों को वैश्विक तकनीक और कार्यप्रणाली से जोड़ने पर विशेष ध्यान दे रही है। इससे पहले सरकारी स्कूलों के मेधावी विद्यार्थियों को कंबोडिया और आईटीआई विद्यार्थियों को कजाकिस्तान एक्सपोजर विजिट पर भेजा गया था। अब चिकित्सा महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को भी विदेश भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और चयन प्रक्रिया आरंभ हो चुकी है।
तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने बताया कि प्रदेश के पांच इंजीनियरिंग कॉलेजों से करीब 650 आवेदन प्राप्त हुए थे और 44 विद्यार्थियों का चयन पूरी तरह मेरिट के आधार पर किया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जापान की यह यात्रा विद्यार्थियों के लिए तकनीकी ज्ञान के साथ अनुशासन और सामाजिक मूल्यों को सीखने का यादगार अवसर साबित होगी।

