राज्य हिमाचल

संस्कृत महाविद्यालयों में शुरू होंगे कर्मकांड पुरोहित कोर्स, डिप्लोमा-सर्टिफिकेट की तैयारी

शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश ब्राह्मण कल्याण बोर्ड की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि प्रदेश के संस्कृत महाविद्यालयों में कर्मकांड पुरोहित कोर्स की कक्षाएं शुरू करने पर विचार किया जाएगा। इसके तहत डिप्लोमा और सर्टिफिकेट कोर्स शुरू किए जाने की योजना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में वर्तमान में 222 गौ सदनों व गौ अभयारण्यों में 23,018 गौवंश को आश्रय दिया गया है। सात नए गौ सदनों का निर्माण पूरा होने पर 2,200 से 2,500 बेसहारा गौवंश को अतिरिक्त आश्रय मिल सकेगा।
उन्होंने बताया कि गौ सदनों में गौवंश के पालन-पोषण के लिए 1,200 रुपये प्रति गौवंश प्रतिमाह सहायता दी जा रही है। बेसहारा पशुओं की समस्या के समाधान के लिए राज्य स्तरीय टास्क फोर्स भी गठित की गई है।
मुख्यमंत्री ने सरकारी अस्पतालों में मुफ्त दवाइयां, निःशुल्क जांच और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने की बात कही। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से चिट्टा विरोधी जन-जागरूकता अभियान में सक्रिय सहयोग का आह्वान भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *