राज्य हिमाचल

जनगणना-2027: मुख्यमंत्री सुक्खू ने प्रदेशवासियों से सक्रिय सहयोग की अपील

शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू तथा उनकी धर्मपत्नी एवं विधायक कमलेश ठाकुर ने आज ओकओवर, शिमला में जनगणना-2027 के दूसरे चरण के तहत अपनी स्व-गणना पूरी की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से जनगणना के इस महत्त्वपूर्ण कार्य में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना के सही आंकड़े प्रदेश के विकास, योजनाओं के निर्माण और लोगों की वास्तविक आवश्यकताओं का आकलन करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विशेष रूप से हिमाच्छादित क्षेत्रों के निवासियों से भी जनगणना प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
उन्होंने बताया कि 17 से 31 अगस्त, 2026 तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध है। नागरिक इस अवधि में अपनी सही जानकारी दर्ज कर इस प्रक्रिया में सहयोग कर सकते हैं। इसके बाद 1 से 30 सितम्बर, 2026 तक प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि वे प्रगणकों को अपने परिवार से संबंधित सही एवं आवश्यक विवरण उपलब्ध करवाएं, ताकि जनगणना-2027 सफलतापूर्वक संपन्न हो सके और इसके आंकड़ों के आधार पर प्रदेश के विकास की बेहतर योजना तैयार की जा सके।
इस अवसर पर निदेशक जनगणना कार्य हिमाचल प्रदेश दीप शिखा शर्मा सहित वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *