सोलन (क्यारीघाट): मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने गुरुवार को क्यारीघाट में हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की 297 नई टाइप-1 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर विभिन्न डिपुओं के लिए रवाना किया। इस दौरान उन्होंने ‘हिमबस प्लस कार्ड’ का भी शुभारंभ किया, जिससे यात्रियों को कैशलेस यात्रा, किराए में छूट और कैशबैक की सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन बसों के शामिल होने से HRTC में इलेक्ट्रिक बसों की संख्या 500 हो गई है। सरकार इस वर्ष 1000 और इलेक्ट्रिक बसें खरीदने जा रही है, जबकि भविष्य में 100 हाइड्रोजन बसें खरीदने की भी योजना है। उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रिक बसों के संचालन पर प्रति किलोमीटर 36–38 रुपये खर्च आता है, जबकि डीजल बसों पर 76–86 रुपये खर्च होता है, जिससे निगम को प्रति किलोमीटर 40–50 रुपये तक की बचत होगी।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य वर्ष 2027 तक हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर और हरित राज्य बनाना है। नई तकनीक वाली आगामी ई-बसें एक बार चार्ज होने पर 250 से 300 किलोमीटर तक चल सकेंगी। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि सरकार HRTC को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है और कर्मचारियों व पेंशनरों को समय पर वेतन एवं पेंशन सुनिश्चित की जा रही है।
297 ई-बसों के साथ HRTC में इलेक्ट्रिक बसों की संख्या 500 पहुंची, 100 हाइड्रोजन बसें व 1000 इलेक्ट्रिक बसे भी खरीदेगे :मुख्यमंत्री

