राज्य शिक्षा हिमाचल

शिक्षक दिवस से पहले नई कॉम्प्लेक्स प्रणाली पर होगा फैसला, जेबीटी शिक्षकों को टीजीटी पदोन्नति का भी ऐलान: मुख्यमंत्री

शिमला के चौड़ा मैदान में प्राथमिक शिक्षक संघ की आम सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने प्राथमिक शिक्षकों को आश्वासन दिया कि नई कॉम्प्लेक्स प्रणाली पर शिक्षक दिवस से पहले उचित निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार इस व्यवस्था की सहानुभूतिपूर्वक समीक्षा करेगी और आवश्यकता पड़ने पर इसमें सुधार या इसे वापस लेने पर फैसला करेगी।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि प्राथमिक शिक्षकों के खिलाफ की गई निलंबन की कार्रवाइयाँ, विभागीय जांच और दर्ज एफआईआर वापस ली जाएंगी। साथ ही मुख्य अध्यापकों, केंद्र मुख्य अध्यापकों और खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारियों के अधिकारों में कोई कटौती नहीं होगी तथा प्राथमिक विद्यालयों में खेल गतिविधियां फिर से शुरू की जाएंगी।
उन्होंने जेबीटी शिक्षकों को टीजीटी पदों पर पदोन्नति देने की घोषणा करते हुए कहा कि सरकार शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने पुरानी पेंशन योजना (OPS) बहाल करने के निर्णय का भी उल्लेख किया और कहा कि यह कर्मचारियों के सम्मान एवं आर्थिक सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिया गया था। उन्होंने शिक्षकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि प्रदेश के प्राथमिक विद्यालयों को राज्य के सर्वश्रेष्ठ विद्यालय बनाने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *