शिमला। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ में हाल ही में जान गंवाने वाले हमीरपुर जिले के गलोड़ क्षेत्र के निवासी आदित्य शर्मा के परिवार ने न्याय की मांग को लेकर सोमवार को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू से मुलाकात की।
आदित्य शर्मा के पिता राजेश शर्मा ने मुख्यमंत्री को बताया कि बेटे की असामयिक मृत्यु के मामले में अब तक केंद्र सरकार की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि इस मामले को केंद्र सरकार के समक्ष मजबूती से उठाया जाए, ताकि परिवार को न्याय मिल सके।
मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में पूरी तरह परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आदित्य शर्मा की मृत्यु के मामले को केंद्र सरकार के समक्ष उठाया जाएगा, ताकि परिवार को न्याय दिलाने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत आदित्य शर्मा की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान आदित्य शर्मा की माता सुषमा शर्मा भी मौजूद रहीं।
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ हादसे में मृत युवक के परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा, CM सुक्खू बोले- केंद्र से उठाएगे मामला।

