शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने गुरुवार को नगर निगम शिमला के ‘ग्रीन शिमला, अवर शिमला’ अभियान के तहत अपने आधिकारिक आवास ‘ओक ओवर’ परिसर में पौधरोपण कर सप्ताहभर चलने वाले पौधरोपण सप्ताह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल कर पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति हर वर्ष कम-से-कम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाए, तो यह न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी एक बेहतर भविष्य सुनिश्चित करेगा।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने नगर निगम शिमला के पार्षदों को बान और देवदार के पौधे भी वितरित किए। उन्होंने बताया कि नगर निगम शिमला ने इस वर्ष अभियान के तहत 5,000 से 10,000 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। यह अभियान का तीसरा वर्ष है।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि पिछले वर्ष नगर निगम ने चमियाना पहाड़ी क्षेत्र को गोद लेकर वहां लगभग 3,000 पौधे लगाए थे, जिनकी जीवित रहने की दर काफी उत्साहजनक रही। इस वर्ष भी उसी क्षेत्र में 3,000 अतिरिक्त पौधे लगाए जाएंगे, जिससे हरित क्षेत्र का और विस्तार होगा।
उन्होंने कहा कि सप्ताहभर चलने वाले इस अभियान में प्रदेश सरकार के मंत्री भी विभिन्न स्थानों पर आयोजित पौधरोपण कार्यक्रमों में भाग लेंगे और लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करेंगे।
इस अवसर पर ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, शिमला के महापौर सुरेंद्र चौहान, नगर निगम के पार्षद तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
‘ग्रीन शिमला, अवर शिमला’ अभियान का शुभारंभ, मुख्यमंत्री सुक्खू ने किया पौधरोपण

